किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि वह कभी गलत बात नहीं करते। जिस स्मार्ट मीटर का उन्होंने सड़क से लेकर विधानसभा तक विरोध किया और शवयात्राएं निकालीं। उसकी सच्चाई आखिर सामने आ गई। अब सरकार को बैकफुट पर आकर मीटर पर रोक लगानी पड़ी है। बुधवार को अपने आवास पर बेहड़ ने कहा कि भाजपा ने स्मार्ट मीटर बंद करने से पहले नाटक किया। पदाधिकारी उपलब्धि गिना रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं ऊर्जा निगम के पूर्व एसई शेखर पाठक से पूछना चाहता हूं कि कार्यालय में पत्रकार वार्ता करके क्या बताना चाहते थे। अब सरकार को अपनी गलती समझ में क्यों आई। क्योंकि 2027 का चुनाव आ रहा है। पहले तय हुआ था कि मीटर को कोई जबरदस्ती नहीं लगाएगा लेकिन कुछ नेताओं ने इसे लोगों पर थोप दिया। विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सिडकुल की कंपनियां भी स्मार्ट मीटर से परेशान है। कहा कि बेहड़ गलत बात नहीं करता। मीटर आज भी फैल है और कल भी फैल रहेगा। मीटर पर पूर्णकालीन रोक लगानी चाहिए। जनता मीटर की सच्चाई समझ चुकी है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।