खटीमा/मझोला। विद्युत केबल चोरी के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 2.50 लाख रुपये कीमत की विद्युत केबल बरामद हुई है। खटीमा कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने सूचना दी कि ग्राम चंदेली में चोरों ने विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी की है।चोरी की गई केबल को चोर काले रंग की कार में भरकर ग्राम चंदेली से ग्राम बंडिया की ओर भाग रहे हैं। ऊर्जा निगम की निगरानी टीम उनका पीछा कर रही है।सूचना पर सत्रहमील मझोला चौकी प्रभारी किशोर पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि ग्राम बंडिया में भीम कॉलोनी के पास ऊर्जा निगम की टीम के सहयोग से संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें विद्युत केबल के 2-3 फीट लंबे करीब 165 टुकड़े बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों सिरौलीकला, पुलभट्टा निवासी अलीम, जुनैद, मोहम्मद अय्यूब और नगला, पंतनगर निवासी पिंटू कुमार सिंह ने पूर्व में भी खटीमा क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी कर कबाड़ियों को बेचने की बात बताई । सीओ ने बताया कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों व चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।अवर अभियंता की तहरीर पर अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।