मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता पर हुए हमले के विरोध में किसान एकजुट नजर आए। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम के पेशकार को देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। शनिवार को काशीपुर एकत्रित होकर किसानों ने एसडीएम कार्यालय में पेशकार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। भाकियू के जिला महासचिव ने बताया कि बीते दिन दो मई को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हिंदू संघर्ष समिति के तत्वावधान में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था। इसी रैली में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का भारी भीड़ ने विरोध करते हुए धक्का-मुक्की कर दी। इससे किसानों ने आक्रोश है। केंद्र एवं राज्य सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करे। किसानों ने चेताया कि यदि कार्रवाई में देर हुई तो किसान जिला एवं राज्य स्तर पर आंदोलन को बाध्य होगा। उधर, जसपुर में मंडी परिसर में एकत्र भाकियू के किसानों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम के पेशकार को देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहां प्रेम सिंह सहोता, मुख्तार सिंह घुम्मन, दीदार सिंह, निशान सिंह, जागीर सिंह, चौधरी किशन सिंह, शीतल सिंह, रंदीप आदि थे।