केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गयी हैं। जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय विधायकों, जनप्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों समेत, अधिकारियों के साथ 8 जनवरी को यात्रा की प्रथम बैठक आयोजित की गयी है। बैठक में बीते साल हुए कार्यों की समीक्षा और आगामी यात्रा की तैयारियों से जुड़े अहम कार्यों व यात्रा को प्रभावी और सुनियोजित करने को लेकर चर्चा होगी। बैठक में केदारनाथ मंदिर के तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और स्थानीय जन प्रतिनिधी भी शामिल होंगे। इसके साथ ही घोड़ा खच्चर संचालक एसोसिएशन, टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन आदि को भी बैठक में शामिल किया गया है। वहीं केदारनाथ यात्रा मार्ग में व्यापारियों को लाइसेंसिंग को बेहतर बनाने, घोड़ा खच्चर संचालकों व टैक्सी मैक्सी संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा संचालन दिक्कतों को दूर कर, इस साल और बेहतर करने पर भी चर्चा होगी। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया की आगामी यात्रा को और बेहतर करने के उद्देश्य से यह प्रथम बैठक आयोजित की गयी है। यात्रा की तैयारियों में 2-3 महीनों का समय लगता है। ऐसे में हमारी कोशिश है कि बैठक के माध्यम से पिछले साल आयी चुनौतियों को चिह्नित कर आगामी यात्रा को और बेहतर करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी से इस दिशा में खुलकर अपनी बात रखने की बात कही है।