कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घर और मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। घर, मंदिरों और गंगनहर घाटों पर दीपदान किया गया। वहीं, लोगों ने गंगनहर घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान भी किया। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर देव दीपावली पर्व पर तड़के से ही गंगनहर घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद गंगनहर घाट पर दीप जलाए। विधि विधान से पूजा अर्चना की। वहीं गंगनहर के लक्ष्मी नारायण घाट के सामने स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली पर विशेष पूजा अर्चना की गई। भगवान विष्णु और भगवान शिव व अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना की गई। लोगों ने घरों में दीप जलाए। मंदिरों, गंगनहर घाट और घरों में हवन किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। साथ ही कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन हुआ। गंगनहर घाट पर ज्ञान गंगा की ओर से हवन किया गया। साथ ही भंडारे का आयोजन किया। शाम के समय श्रद्धालुओं ने मंदिरों, घरों और गंगनहर घाटों पर दीप जलाए। विशेष पूजा अर्चना कर आरती की गई। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, दुर्गा चौक मंदिर, सिविल लाइंस स्थित शिवमंदिर, रामनगर चौक स्थित राम मंदिर, पुरानी तहसील स्थित मां काली मंदिर समेत सभी मंदिरों में पूजा अर्चना और दीपदान किया गया।