पिथौरागढ़। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सिक्किम के नवनियुक्त राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम और सरकार का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्या के मामले में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम सामने आया है। उनके खिलाफ जांच को रोकने के लिए उन्हें राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया जो उत्तराखंड की बेटियों का अपमान है। यूकेडी के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला जलाते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के हत्या के मामले में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम भी सामने आया था। उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए थी जिसकी प्रदेश की हर बेटी, महिला और हर व्यक्ति मांग कर रहा था। इस जांच से बचाने के लिए उन्हें राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया जो प्रदेश की हर बेटी का अपमान है। सभी कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति वापस करने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें इस संवैधानिक पद से हटाकर उनके खिलाफ जांच नहीं की गई तो यूकेडी जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी। प्रदर्शन करने वालों में जगत मेहता, हीरा बल्लभ भट्ट, मदन पोखरिया, गिरीश जोशी, प्रेम सिंह बोरा, गोविंद सिंह बिष्ट, नैना बिष्ट, किरन वल्दिया, राधिका, राजेश्वरी धामी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।