पैराग्लाइडिंग की गतिविधियां शुरू करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी पिथौरागढ़ जिले में साहसिक पर्यटन (पैराग्लाइडिंग) की गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में साहसिक पर्यटन से जुड़े अधिकारियों, स्टेक होल्डर्स, एटीसी आर्मी के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने पैराग्लाइडिंग की गतिविधियां शुरू करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को चार विकासखंडों गंगोलीहाट, बेड़ीाग, मुनस्यारी और पिथौरागढ़ में पैराग्लाइडिंग की गतिविधियां शुरू करने की दिशा में प्रयास करने को कहा। जनपद में सोलो और टेंडम फ्लाइंग हो इस पर भी चर्चा कर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि जिन स्थलों पर पिछले वर्षों से जनपद में पैराग्लाइडिंग नहीं हो पा रही है उन स्थलों को विकसित करते हुए पैराग्लाइडिंग करने के निर्देश पर्यटन विभाग को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उपजिलाधिकारी सदर वैभव कांडपाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य, शंकर सिंह आदि उपस्थित थे।