श्रीकोट गंगानाली में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने शानदार अभिनय और प्रभावशाली संवादों से रामायण के प्रसंगों को जीवंत किया। अलकनंदा नवयुवक रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में मंगलवार को रावण और अहिरावण वध का मंचन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच भीषण युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। वहीं, अहिरावण द्वारा भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को पाताल लोक ले जाने और हनुमान जी द्वारा उन्हें मुक्त कराने के प्रसंग ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।