नैनीताल में हॉस्पिटैलिटी होटल व्यवसाय मैनेजमेंट से संबंधित शॉर्ट टर्म पाठ्यक्रम कुमाऊं विश्वविद्यालय में शुरू होंगे। इसके साथ ही यह कोर्स करने वाले 70 फीसदी युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। शुक्रवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में सेतु आयोग उत्तराखंड, ताज होटल ग्रुप, टाटा स्ट्राइड, इंडियान होटल काॅरपोरेशन लि., उच्च शिक्षा व स्किल डेवलपमेंट विभाग के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इसमें वर्तमान शिक्षा सत्र 2025-26 से हॉस्पिटैलिटी होटल व्यवसाय मैनेजमेंट से संबंधित शॉर्ट टर्म पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में इन पाठ्यक्रमों का संचालन हरमिटेज स्थित होटल मैनेजमेंट स्थित विभाग में किया जाएगा। इसके बाद भविष्य में इसे भीमताल परिसर में संचालित कराने की योजना है। कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. डीएस रावत ने कहा भविष्य में इस तरीके के कौशल विकास कार्यक्रमों को विवि की ओर से बराबर प्रोत्साहित किया जाएगा। विवि अपनी अकादमिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी निर्वाह्न करें, ताकि शिक्षित प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें। सेतु आयोग के उपाध्यक्ष प्रो. राजशेखर जोशी ने कहा कि इस पाठ्यक्रम के विवि में शुरू होने से उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर प्रारंभ होंगे क्योंकि, टाटा होटल ग्रुप के साथ प्रशिक्षण प्रारंभ करने से उनके लिए देश के अंतर्गत विभिन्न होटल व्यवसायों में अपनी सेवाएं देने के अवसर मिलेंगे। ताज होटल ग्रुप की उपाध्यक्ष श्रीसा चंदना ने कहा भविष्य में भी ताज ग्रुप उत्तराखंड इस तरह के पाठ्यक्रम को प्रारंभ करने की महत्वाकांक्षा रखता है। इस दौरान स्किल डेवलपमेंट के निदेशक संजय खेतवाल, टाटा स्ट्राइड की ऑपरेशनल हेड शीला दीत्यसम्मादत ने भी विचार रखे। यहां कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल, डीन वाणिज्य व संकायाध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी, डॉ. महेंद्र राणा, प्रो. रजनीश पांडे, क्रीड़ाधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा, सेतु आयोग की सलाहकार भावना सिंदे, सुनील शर्मा, मनीष, काजल आदि मौजूद रहे। ये कोर्स होंगे संचालित किचन, फ्रंट ऑफिस व विशिष्ट रेस्टोरेंट प्रबंधन कोर्स इसी सत्र से संचालित होंगे, इनमें 20 से 25 सीटें होंगी। इसके बाद न्यूनतम 70 फीसदी युवाओं को बड़े होटलों में कार्य करने का मौका मिलेगा।