लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कोसी नदी और रामनगर के अलग-अलग बरसाती नाले उफान पर आ गए। इसके चलते बरसाती नालों के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। वहीं जलस्तर देखे बिना नाला पार कर रहे एक टेम्पू और एक बाइक सवार नाले के बीचो बीच फंस गए। इसके बाद पास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। मंगलवार सुबह से हो रही बारिश से रामनगर के सभी बरसाती नाले उफान पर हैं। इसी बीच रामनगर से टेड़ा गांव की ओर सब्जियां लेकर जा रहे एक टेम्पू चालक ने टेम्पू को नाले में उतार दिया। देखते ही देखते वह पानी के बहाव में बहने लगा और नाले के अंतिम छोर पर अटक गया। इसके बाद उसने टेम्पू से उतकर अपनी जान बचाई। वहीं दूसरी घटना में बेलगढ़ नाले को बाइक से पार कर रहे एक युवक की बाइक नाले के बीचों बीच पहुंचकर बंद हो गई। इससे वह पानी के बहाव में बहने लगा। वहीं आसपास मौजूद लोगों ने पहुंचकर युवक की जान बचाई। वहीं गर्जिया मंदिर के पुजारी शुभम पांडेय ने बताया कि कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर को बंद किया गया है। जलस्तर कम होते ही मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि लोग जलस्तर कम होने पर ही बरसाती नालों को पार करें। प्रशासन की ओर से सुरक्षा टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।