रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में पार्किंग की व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई है। हालत यह है कि अस्पताल के मुख्य द्वार तक वाहन खड़े हो रहे हैं। ऐसे में यदि कोई गंभीर मरीज आता है तो एंबुलेंस अस्पताल के मुख्य द्वार तक नहीं पहुंच पाएगी। एक अप्रैल से अस्पताल पीपीपी मोड से हटकर सरकारी तंत्र में चल रहा है। तब से अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था पटरी से उतरी है। सप्ताह की शुरुआत में मरीजों की भीड़ होती है, ऐसे में अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने की वजह से आड़े तिरछे वाहनों को लगाया जा रहा है। आलम यह है कि अस्पताल में वाहनों को सही तरीके से लगवाने के लिए किसी की तैनाती तक नहीं की गई है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को अस्पताल के गेट तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ती है। यदि ऐसा में कोई बड़ा हादसा हो जाए तो एंबुलेंस अस्पताल में पहुंचेगी कैसी, यह सवाल है। हैरत की बात तो यह है कि अस्पताल परिसर के अंदर ही डॉक्टरों की कारें अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगती हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद टम्टा ने बताया कि अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था को जल्द सुधारा जाएगा। इसके लिए पीआरडी जवानों की मांग की गई है।