नैनीताल जिले में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में सोमवार की सुबह से मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। मतदाता वोट डालने के लिए कतार में खड़े रहे। युवा, बुजुर्ग और महिला मतदाताओं में वोट डालने के लिए जोश देखने को मिल रहा है। अलचौना के ताड़ा गांव में ग्रामीण एक किमी दूर पैदल चलकर मतदान केंद्र में मतदान करने के लिए पहुंचे। ग्राम पंचायत मलुवाताल, जंगलियागांव, अलचौना, चाफी, हरिनगर, बानना, भौर्सा में मतदान के लिए मतदाता पहुंच रहे हैं। युवा और बुजुर्ग मतदाता सड़क, जंगली जानवरों, पानी की समस्या हल करने वाले प्रत्याशियों को वोट डालने की बात कह रहे हैं।