कोटद्वार: नगर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। देवी रोड पर जल निगम स्टोर के समीप पुराना आम का पेड़ गिरने से नगर निगम के जेई की कार और एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। झंडाचौक समेत कई स्थानों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। वहीं, भाबर क्षेत्र में धान, उड़द, सोयाबीन और तिलहन की फसलें प्रभावित होने से किसान मायूस हो गए। शुक्रवार सुबह बूंदाबांदी के बाद करीब साढ़े दस बजे अचानक अंधेरा छा गया। दृश्यता कम होने पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर आवाजाही करनी पड़ी। इसके बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। झंडाचौक पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी।