वर्ष 2025 के अंतिम दिन सिडकुल पुलिस ने खोए मोबाइल फोन वापस दिलाकर लोगों को खुशियों का तोहफा दिया।ऑपरेशन रिकवरी के तहत करीब 50 लाख रुपये से अधिक बाजार कीमत के 126 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए। लंबे समय से मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। बुधवार को सिडकुल थाना परिसर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मोबाइल गुम होने से परेशान लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पुलिस की ओर से चलाया जा रहा ऑपरेशन रिकवरी सफल साबित हो रहा है। इस अभियान के तहत न केवल अन्य राज्यों बल्कि विदेशों तक से खोए मोबाइल फोन भी ट्रेस कर रिकवर किए जा रहे हैं। सिडकुल पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर कुल 126 मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इन मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रियलमी समेत कई महंगे ब्रांड शामिल हैं। बरामद मोबाइलों के स्वामी ज्यादातर वे कर्मचारी हैं, जो अन्य राज्यों से रोजगार की तलाश में हरिद्वार आए हुए हैं और सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में काम करते हैं। इसके अलावा कुछ स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। बरामद मोबाइल फोन में चार आईफोन, 24 ओप्पो, 11 नथिंग, 17 सैमसंग, 22 रियलमी, 10 एमआई, 29 वीवो और 13 आईक्यू ब्रांड के मोबाइल हैं। इस दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एएसपी निशा यादव, सिडकुल एसओ नितेश शर्मा, एसएसआई देवेंद्र तोमर, हेड कांस्टेबल विवेक यादव, हेड कांस्टेबल देवेंद्र चौधरी और महिला कांस्टेबल निधि शामिल रहीं।