लोहाघाट। पीजी कॉलेज लोहाघाट में एबीवीपी और छात्रसंघ का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान मांगें पूरी करने के लिए कुछ छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। उन्होंने मांगें पूरी होने के बाद ही छत से उतरने का निर्णय लिया। इस दौरान तहसीलदार मुहीउद्दीन के साथ पुलिस टीम कॉलेज पहुंची और आंदोलनरत छात्रों को समझाने लगी। घंटों तक चली वार्ता के बाद भी छात्र नहीं माने। सुबह करीब 10 बजे छत पर चढ़े छात्र शाम करीब 6:30 बजे नीचे उतरे। केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के आश्वासन के बाद छात्र माने।