चंपावत जिला सभागार में सोमवार को डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भू-कटाव, पेयजल, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाएं, फसल सुरक्षा, रोजगार, सड़क मार्ग, विद्युत आदि से जुड़ी कुल 153 शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम कमलेख मल्ला निवासी प्रेम सिंह ने विद्युत बिल में गड़बड़ी की शिकायत डीएम के समक्ष रखीं। इनके 5533 रुपये के बिजली के बिल को सुधारकर 157 रुपये किया गया। श्मशान घाटों की खराब स्थिति से संबंधित शिकायतों पर डीएम ने सभी बीडीओ को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शवदाह गृहों की वर्तमान स्थिति की जानकारी 10 दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा। निर्मला महराना की क्वेराला नदी से हो रहे भू-कटाव की शिकायत, गरिमा भट्ट की सोलर वाटर लिफ्टिंग योजना से जुड़ी समस्या, ग्माम पंचायत भींगराड़ा गीता भट्ट की जानवरों से फसल सुरक्षा की समस्या, दियुरी गांव के नवीन जोशी के आवासीय भवन पर मंडरा रहे खतरे की शिकायत मिली। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाए। आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहां सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एसडीएम सदर अनुराग आर्य, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, ईई लोनिवि एमसी पलड़िया आदि अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।