बागेश्वर में पंडित बीडी पांडेय परिसर के खेल मैदान में विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ शुरू हो गया है। प्रतियोगिता में बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत स्तर के विजेता प्रतिभागी भागीदारी कर रहे हैं। पहले दिन अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों की दौड़ और मुर्गा झपट प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिपं अध्यक्ष शोभा देवी की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास, ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी और गरुड़ के प्रमुख किशन बोरा ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने को कहा। अंडर-14 आयु वर्ग के बालक वर्ग में कृष्णा ने 60 और विनय ने 600 मीटर की दौड़ जीती। मुर्गा झपट के 35 किग्रा भार वर्ग में रोहित मेहता, 38 किग्रा में दिव्यांशु मेहता, 41 में प्रियांशु पांडेय, 44 में विनोद कुमार और 47 किग्रा में विनोद ने बाजी मारी। बालिका वर्ग के 60 मीटर दौड़ में दीक्षा और 600 मीटर में हर्षिता परिहार ने बाजी मारी। मुर्गा झपट में सरिता, नीलम, एकता, तनुजा और गौरी ने अपने-अपने भार वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में सूजल ने 100, सुंदर ने 800 और हरीश ने 1500 मीटर की दौड़ जीती। मुर्गा झपट में देवेश, कुणाल, रोहित, अभिषेक और गौरव विजेता रहे। बालिका वर्ग में कमला ने 100 मीटर, कला ने 400 मीटर, रिया ने 800 और 1500, शिखा ने 3000 मीटर की दौड़ अपने नाम की। मुर्गा झपट में ज्योति, जिया, माही और कोमल ने पहला स्थान प्राप्त किया। संचालन जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने किया।