अल्मोड़ा जिले के दन्यां स्थित सोना सिलिंग की नाप भूमि के जंगलों में अचानक आग धधकने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। वनाग्नि से जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। रविवार को सोना सिलिंग के जंगलों में दोपहर करीब एक बजे आग भड़क गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया, इससे जंगल का काफी हिस्सा वनाग्नि की भेंट चढ़ गया। इससे वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण जंगल में तेजी से फैलती आग से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने आग की लपटें देखकर तुरंत वन विभाग को सूचना दी। टीम ने फायर लाइन बनाकर और अन्य तकनीकों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया।