महापर्व डाला छठ पर काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों, तालाबों और सरोवरों तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान काशी का माहौल मिनी बिहार जैसा नजर आ रहा है। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य की आराधना के लिए हजारों व्रती परिवार घाटों पर पहुंचने लगे। अस्सी, सामने घाट, भदैनी, तुलसी घाट, दशाश्वमेध, शीतला घाट, राजघाट और नमो घाट समेत गंगा के 84 घाटों पर तैयारियां की गई हैं। बरेका स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी व्रती अर्घ्य दिया जाएगा। इस बीच, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी। अस्सी घाट पर पूजा के लिए वेदियां बनाई गई हैं और घाट की सीढ़ियों पर जमी सिल्ट को हटाकर समतल किया गया है। बरेका स्थित सूर्य सरोवर में पानी का स्तर कम करने के लिए पंप लगाकर पानी निकाला गया है।