सावन के अंतिम रविवार को काशी में शिवभक्तों और कांवरियों की सेवा के लिए बाबा नरवा वीर प्रबंध समिति की ओर से बुलानाला टाउनहॉल सब स्टेशन के नीचे खीर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रात नौ बजे शुरू हुआ फलाहार खीर वितरण देर रात तक चलता रहा। इस दौरान डाक बम, बोल बम, कांवरियों के साथ राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम से पहले श्रीश्री 1008 बाबा नरवा वीर, मां दुर्गा, मां शीतला और बजरंगबली का श्रावणी श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर खीर का भोग लगाया। इसके बाद प्रसाद वितरण शुरू हुआ। इस वर्ष करीब 2000 लीटर यानी 20 कुंतल दूध से खीर तैयार की गई थी। खीर का प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। कई लोग एक बार प्रसाद ग्रहण करने के बाद दोबारा कतार में लगकर खीर लेते नजर आए। समिति के सदस्यों ने प्रसाद वितरण स्थल पर साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा। कार्यक्रम संयोजक गणेशु यादव ने बताया कि बाबा नरवा वीर प्रबंध समिति की ओर से सावन में खीर वितरण की परंपरा पिछले 18 वर्षों से लगातार चली आ रही है। शिवभक्तों की सेवा में समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्रीय नागरिक भी बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि कांवरियों और श्रद्धालुओं को फलाहार खीर का प्रसाद वितरित करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने समिति के सेवा कार्य के लिए आभार जताया। बोल बम के जयकारे लगाते हुए शिवभक्त बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे।