सुल्तानपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र से बदसलूकी के आरोप में दो द्वितीय वर्ष के छात्रों को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एंटी रैगिंग कमेटी की संस्तुति पर की गई है। प्रथम वर्ष के छात्र शुभम वर्मा ने दो नवंबर को शिकायत दी थी। उन्होंने एक नवंबर की शाम लिफ्ट के पास वरिष्ठ छात्र आशीष मल्होत्रा और अजय पर गाली-गलौज व बदसलूकी का आरोप लगाया था। एंटी रैगिंग कमेटी ने प्रथम दृष्टया संज्ञान लेते हुए दोनों को निलंबित करने की सिफारिश की। निलंबन के दौरान वे कक्षाओं और छात्रावास सहित किसी भी शैक्षणिक गतिविधि में भाग नहीं ले सकेंगे। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. हरेंद्र यादव ने शुक्रवार को बताया कि जांच पूरी होने तक निलंबन आदेश प्रभावी रहेगा। जांच में गार्ड, वार्डन, सीसीटीवी फुटेज और संबंधितों के बयान दर्ज किए जाएंगे।