सुल्तानपुर: विमुक्त जनजाति (डीएनटी) और निषाद वंश की विभिन्न उपजातियों को अनुसूचित जाति (एससी) की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर निषाद पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। दोपहर करीब तीन बजे शासन-प्रशासन को मांगपत्र सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों को जनगणना में एक साथ दर्ज करने और उनकी सही जनसंख्या दर्ज कराने की मांग उठाई गई। केवट, मल्लाह, निषाद, बिंद, मांझी, कश्यप, तुरहा, मछुआरा और रेकवार को निषाद वंश की पर्यायवाची जातियां बताया गया। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में इन जातियों को अन्य राज्यों की तर्ज पर एससी सूची में शामिल करने तथा विमुक्त जनजातियों को शिक्षा, नौकरी और राजनीति में आरक्षण देने की मांग की। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद निषाद समाज के लोगों के गांवों को आदर्श शहीद गांव घोषित करने की भी मांग उठाई गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार निषाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।