वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सोमवार सुबह पिपरी थाना क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास गैस फैक्ट्री के समीप दो भारी वाहनों की टक्कर के बाद करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से रोडवेज बसों, कॉलेज बसों समेत सैकड़ों वाहन फंस गए। करीब सात घंटे तक यातायात बाधित रहने से यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। दो क्रेनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद दोपहर करीब तीन बजे आवागमन सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। राखड़ लदा एक ट्रक वाराणसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे राखड़ लदे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।