सोनभद्र में भादो अमावस्या की पूर्व संध्या और भादो की चौदस के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार को श्री राणी सती दादी जी के मंदिर में भव्य ज्योत एवं जागरण का आयोजन किया गया। श्री राणी सती दादी मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दादी जी के जयकारों और भजनों से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा ने दादी जी के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘भक्तों के घर कभी आओ मां ‘एक बार मां आ जाओ’ और ‘चुनड़ी को रंग सुरंग मां’ समेत कई भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। भादो की चौदस और भादी अमावस्या का श्री राणी सती दादी जी के भक्तों के लिए विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी अवसर पर श्रद्धालु सपरिवार मंदिर पहुंचे और दादी जी की ज्योत के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में रवि जालान, विनोद जालान, अशोक जालान, अनिता थरड, मीरा जालान, पूनम खेतान, डॉ. संतोष झुनझुनावाला, विप्लव जालान, पुरुषोत्तम जालान, विमल जालान, रमेश गोयल, राकेश जालान और दिनेश जालान समेत अन्य भक्तों का सहयोग रहा।