सीतापुर: जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लखनऊ-दिल्ली राजमार्ग से लेकर खैराबाद-बिसवां, लहरपुर और लखीमपुर मार्ग सहित मधवापुर से नैमिषारण्य मार्ग तक लगातार पेड़ गिरने की सूचनाएं मिल रही हैं। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस, वन विभाग और नगरपालिका प्रशासन की टीमें पिछले दो दिनों से सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने के अभियान में जुटी हैं। हैरानी की बात यह है कि एक स्थान पर पेड़ हटाकर रास्ता साफ किया जाता है, तो दूसरे स्थान पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो जाता है। इससे राहत कार्यों में भी मुश्किलें आ रही हैं। खैराबाद नगर के कुल्हन सराय, कसवाती टोला, नई बाजार, पुरानी बाजार, तुर्की पट्टी, हटौरा और रौजादरवाजा में पेड़ गिरने से लोगों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। प्रशासनिक टीमें लगातार मार्गों से पेड़ों को हटाकर आवागमन सुचारु कराने में जुटी हैं। तेज हवाओं और बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।