श्रावस्ती: घर से दवा लेने निकली नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दसियापुर निवासी विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में नहर के पास मिला। विवाहिता का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्रामीणों में गला दबाकर हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चाओं का बाजार गर्म है। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दासियापुर निवासी पुष्पा देवी(47) शुक्रवार की सुबह घर से दवा लेने की बात कहकर इकौना के लिए निकली थी। पति पवन शुक्ला ने बताया कि दवा लेकर वह वीरपुर उनके पान की दुकान पर आई थी, जहां से उन्हें ई रिक्शा पर बैठाकर घर भेज दिया था। इस दौरान उनका शव संदिग्ध हालात में दसियापुर से पहले लपोखी गांव के पड़ा मिला। पति ने बताया कि गांव के पंचायत मित्र ने शव देख इसकी जानकारी परिजनों को दी। शव मिलने से परिजनों में चीख-पुकार मच गया। मृतका के परिजन सहित अन्य ग्रामीण गला दबाकर महिला की हत्या करने की आशंका जता रहे हैं। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी जयहरि मिश्रा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। जांच के बाद शव का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतका के एक बेटा शिवम(27) व बेटी संतोषी शुक्ला(19) हैं। मां की मौत से दोनों रो-रो कर बेहाल हैं।