शाहजहांपुर के जलालनगर स्थित जामिअतुल मदीना फैजाने मुफ्तिए आजम हिंद (मदरसा फैजाने मदीना) में दावते इस्लामी इंडिया की ओर से सुन्नतों भरा इज्तिमा आयोजित किया गया। इसमें दर्से निजामी की शिक्षा पूरी करने वाले करीब 100 छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान कर दस्तारबंदी की गई। कार्यक्रम का आगाज अस्र की नमाज के बाद कुरआन पाक की तिलावत से हुआ। इसके बाद नात और धार्मिक तकरीरों का सिलसिला चला। मगरिब की नमाज जमात के साथ अदा की गई। इशा की नमाज के बाद कार्यक्रम की दूसरी नशिस्त शुरू हुई। इसमें मदरसे के छात्रों ने नात-ए-पाक के साथ अंग्रेजी और अरबी भाषा में तकरीरें पेश कीं। शहर इमाम हुजूर अहमद साहब मंजरी ने जामिअतुल मदीना की सेवाओं की सराहना की। दावते इस्लामी के स्टेट निगरां मौलाना शुएब अत्तारी ने सुन्नतों पर अमल करने और मदनी काफिलों में सफर करने की अपील की। मुजीब अत्तारी ने नात पेश की। मदरसे के शेखुल हदीस मौलाना अताउल मुस्तफा मिस्बाही ने दीनी शिक्षा और आलिम-ए-दीन की अहमियत बताई। उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर के इस संस्थान से अब तक 300 से अधिक उलेमा शिक्षा पूरी कर चुके हैं। यहां दर्से निजामी, दौरे हदीस, किरअत, इमामत और हिफ्जे कुरआन की तालीम दी जाती है। छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए कंप्यूटर लैब भी स्थापित है। हाफिज मुहम्मद अनीस अत्तारी ने मदरसे की स्थापना पांच जून 2011 को होने के समय के संस्मरण साझा किए। उन्होंने शाह मोहम्मद सकलैन मियां और मौलाना मुफ्ती बद्र आलम मिस्बाही के योगदान को याद किया। मुंबई से आए प्रो. जीशान खां, मौलाना अखलाक आदि मौजूद रहे।