शाहजहांपुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत बुधवार को रोडवेज परिसर में वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया। इसमें 59 चालकों की आंखों की रोशनी और दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की गई। किसी भी चालक की आंखों में दोष नहीं मिला। नेत्र परीक्षण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने चालकों की जांच की। इनमें निगम के 28 चालक भी शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए वाहन चालकों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। आंखों की रोशनी सही होना सड़क सुरक्षा के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह और एआरएम अरुण कुमार मौजूद रहे।