शाहजहांपुर के उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर पूर्व में हटाए गए संविदा कर्मियों को दोबारा नौकरी पर रखने के लिए प्रत्यावेदन सौंपे। इस दौरान बरेली मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र सक्सेना का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। दोपहर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे राजेंद्र सक्सेना ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले अधिक उम्र और कम अनुभव का हवाला देकर लगभग 225 संविदा कर्मियों को निगम से बाहर कर दिया गया था। अब निगम की ओर से इन कर्मियों को दोबारा रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके तहत सभी संबंधित कर्मियों के प्रत्यावेदन जमा कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में हटाए गए संविदा कर्मियों को दोबारा काम करने का अवसर मिलना चाहिए। इससे उन्हें राहत मिलेगी। संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रत्यावेदनों पर विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अनुराग, आकाश मिश्रा, ज्ञान बाबू, सुरजीत और विवेक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।