शाहजहांपुर में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के हाल में जारी इक्विटी नियमों के विरोध में बुधवार को छात्रों ने खिरनीबाग से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। इस दौरान छात्रों ने यूजीसी वापस लो के नारे लगाते हुए निर्देशों को तत्काल वापस लेने की मांग की। कलक्ट्रेट पहुंचकर छात्रों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
छात्र नेता देव सिंह के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में शामिल छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालयों में भेदभाव और असमानता रोकने के उद्देश्य से बनाए गए प्रावधानों का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। छात्रों ने आरोप लगाया कि इक्विटी दिशा-निर्देशों के कुछ प्रावधानों को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में असमंजस और आशंका है। इनके दुरुपयोग से निर्दोष छात्रों और शिक्षण कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न की स्थिति पैदा हो सकती है।
ज्ञापन में कहा गया कि नियमों की अस्पष्टता और अनिश्चितता का गलत इस्तेमाल होने की आशंका है। इससे विश्वविद्यालयों में स्वस्थ अकादमिक चर्चा, शिक्षण और अनुसंधान का माहौल प्रभावित हो सकता है। छात्रों ने राष्ट्रपति से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दिशानिर्देशों को वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण नियम को लागू करने से पहले छात्रों, शिक्षकों और विशेषज्ञों समेत सभी संबंधित पक्षों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाना चाहिए। ज्ञापन पर कई छात्रों के हस्ताक्षर भी हैं।