चंदौसी। त्योहार पर आतिशबाजी के शोर से गली-मोहल्लों में कुत्ते और बंदर आक्रामक हो गए हैं। हालात यह हैं कि सड़कों और गलियों में घूमने वाले कुत्ते-बंदर बच्चों से लेकर बड़ों तक को अपना निशाना बना रहे हैं। इनके काटने से सीएचसी में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की संख्या भी लगातार बनी हुई है। रोजाना 50 से 60 लोग इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। इनमें शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी शामिल हैं। त्योहार के दौरान आतिशबाजी और पटाखों का शोर बढ़ने से आवारा कुत्तों और बंदरों में आक्रामकता देखने को मिल रही है। कई मोहल्लों में कुत्तों के झुंड लोगों के पीछे दौड़ रहे हैं, तो बंदर भी पटाखों की आवाज के चलते छतों से उतर कर गलियों में आ गए हैं और लोगोंं पर हमला कर रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं। सीएचसी में अवकाश के दिनों में चल रही इमरजेंसी ओपीडी में हर रोज 50 से 60 के बीच लोग एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को सीएचसी में 60 लोगों को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया है। उन्होंने बताया कि कुत्ते और बंदर के काटने पर बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि घर पर उपचार नहीं करना चाहिए। इसमें जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। चिकित्सक की सलाह के अनुसार निर्धारित एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाना जरूरी है।