फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायबरेली में छठ पूजा की तैयारियां तेज, राजघाट और सई नदी तट का नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

रायबरेली में छठ पूजा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह और सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह के साथ शहर के प्रमुख राजघाट सहित सई नदी के तट का निरीक्षण किया। इस दौरान छठ पूजा के लिए घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान राजघाट पर सबसे अधिक जलभराव और गीली जमीन की समस्या सामने आई। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पानी कम होने से घाट के आसपास काफी कीचड़ और नमी हो गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अध्यक्ष ने बताया कि घाट परिसर को व्यवस्थित बनाने के लिए जेसीबी मशीन और सफाई कर्मचारियों को लगाया जाएगा। साथ ही पंपिंग सेट के माध्यम से पानी निकालने की व्यवस्था भी की जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बताया कि राजघाट पर सई नदी के तट पर बड़े स्तर पर छठ पूजा का आयोजन होता है। नदी का पानी घटने के बाद यहां की जमीन काफी गीली हो गई है। इसलिए नगर पालिका की ओर से पूरे परिसर की साफ-सफाई और समतलीकरण कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल पर बालू डलवाई जाएगी, जिससे जमीन समतल और साफ हो सके तथा व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा करने में किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को होने वाली छठ पूजा से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए नगर पालिका की टीमें लगातार काम करेंगी। घाटों पर साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा की। नगर पालिका का प्रयास है कि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें