हस्तिनापुर के माखननगर निवासी नितिन की हत्या के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर परिजन मेरठ-बिजनौर मार्ग स्थित गणेशपुर गांव के तिराहे पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष और रिश्तेदार शामिल हुए। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को समर्थन दिया। राज्यमंत्री दिनेश खटीक और ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने धरनास्थल पर पहुंचकर परिवार को हरसंभव मदद और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे पहले मुख्य आरोपी सत्य उर्फ मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई थी, हालांकि मकान तोड़ने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। धरनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।