मेरठ हस्तिनापुर की अनाज मंडी स्थित शिव मंदिर में चल रहे गणेश उत्सव का शुक्रवार को विधि-विधान से समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में मध्य गंग नहर तक पहुंचाया। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए चले। नहर पर पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।