मथुरा। महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा-वृंदावन की ओर से आठ अक्तूबर को सुबह 10 बजे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ नारे के साथ पैदल मार्च निकाला जाएगा। होली गेट स्थित महानगर कार्यालय से शुरू होकर मार्च जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेगा। यहां जोरदार प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मार्च में हजारों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। महानगर अध्यक्ष पंडित यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने इसे लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के संघर्ष की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। इसमें मुकीम कुरैशी, राहुल चतुर्वेदी, आशीष अरोड़ा, अशोक शर्मा, प्रकाश शर्मा, आनंद शर्मा, संदेश पाठक, राजू फारूखी और अनमोल चतुर्वेदी आदि ने सभी मंडल, ब्लॉक और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से पहुंचने की अपील की है।