मथुरा। नवीन मंडी समिति में धान की बेतहाशा आवक से बने जाम के हालात को देखते हुए बुधवार, सात अक्तूबर को अनाज की खरीद पूरी तरह बंद रहेगी। इस दिन मंडी में केवल धान का गोदामों और अन्यत्र सप्लाई के लिए लदान होगा। व्यापारियों के निर्णय पर मंडी समिति ने भी छुट्टी घोषित की है। मंडी समिति में इन दिनों प्रतिदिन 35 से 40 हजार कुंतल तक धान पहुंच रहा है। अक्तूबर में अब तक 2.35 लाख कुंतल और सितंबर में 3.19 लाख कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। इसके मुकाबले बाजरा की आवक बेहद कम है। अब तक मंडियों में महज 600 कुंतल बाजरा पहुंचा है। मंडी के आढ़त व्यापारियों के संगठन मथुरा व्यापार समिति ने मंगलवार को बैठक कर सात अक्तूबर को खरीद बंद रखने का निर्णय लिया। हालांकि धान-बाजरा की आवक रात दो बजे से आठ अक्तूबर सुबह 11 बजे तक सामान्य रूप से जारी रहेगी। समिति अध्यक्ष चौधरी राधारचन और महामंत्री दीनदयाल अग्रवाल ने किसानों से सात अक्तूबर को मंडी नहीं आने की अपील की है। मंडी सचिव रेनू वर्मा ने बताया कि व्यापारियों की मांग पर धान के लदान के लिए मंडी में बुधवार की छुट्टी की गई है। गुरुवार को पूर्ववत मंडी में खाद्यान्न की खरीद की जाएगी। इसका फल एवं सब्जी मंडी पर कोई असर नहीं रहेगा।