यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। सड़क पर कार धूं-धूंकर जलती रही। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। हादसे के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। ग्राम पंचायत जाबरा के मजरा नगला बरी निवासी राजकुमार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे निजी कार्य से कार से वृंदावन जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर माइलस्टोन 104 के समीप अचानक कार से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक राजू ने आनन-फानन में कार को रोक दिया। कार रुकते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार को धूं-धूंकर जलता देख सड़क से गुजर रहे वाहन भी रुक गए। इससे मौके पर कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रथमदृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।