कोसीकलां। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई हनुमान ध्वज शोभायात्रा के साथ मंगलवार को भरत मिलाप महोत्सव का आगाज हो गया। जगह-जगह स्वागत किया गया। गोस्वामी तुलसीदास रामायण लिखते हुए, पंचमुखी हनुमानजी, शंकर जी अजंनि माता को तेज प्रदान करते हुए, तुलसीदास जी जल देकर प्रेत आत्मा प्रकट करते हुए समेत अनेक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा ग्यालाल स्मृति भवन से शुरू होकर अग्रसेन मार्ग, पुरानी जीटी रोड से गुजरती हुई भरत मिलाप चौक पहुंची। शोभायात्रा में चल रहे बैंडबाजों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में संस्थान के अध्यक्ष गिर्राज चौधरी रामायण लेकर चल रहे थे। इससे पूर्व मुख्य अतिथि अग्रवाल सभा अध्यक्ष संजीव अग्रवाल जाविया, देशबंधु अग्रवाल, मोहन अग्रवाल सीए आदि ने मंत्रोच्चारणों के मध्य रामायण पूजन किया। मेला कमेटी के संयोजक खगेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के दौरान फूलों से सुसज्जित डोले व झांकी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सुभाष बांसईया, नरेंद्र गुर्जर, वेदप्रकाश अगरारिया, ओमप्रकाश प्रधान, तरूण सेठ, विवेक चौधरी, राहुल जैन कामियां, हैप्पी गर्ग, त्रिलोक शेरगढि़या, डा. जगदीश जिंदल, अशोक खंडेलवाल आदि साथ चल रहे थे। शोभायात्रा के भरत मिलाप चौक पहुंचने पर मेला आचार्य मोरमुकुट शास्त्री, लीला निर्देशक सत्यनारायण पुरोहित, श्रृंगार प्रमुख भगवत तायल आदि ने ध्वज पूजन कराया। तो पूरा चौक बजरंगबली के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।