मथुरा। महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मसानी रोड स्थित खजानी वेलफेयर सोसायटी में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्जी ट्रेड के तहत 100 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोसायटी की निदेशिका शिप्रा राठी ने बताया कि इस दस दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को कपड़ों की माप लेना, कटिंग, सिलाई और फिटिंग जैसे आवश्यक कार्य सिखाए जा रहे हैं। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर छवि अग्रवाल के साथ शबा खान, लक्ष्मी तांगर, वंशिका अग्रवाल और डॉली भी सहयोग कर रही हैं। प्रशिक्षण में महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।