घिरोर । क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो तो हर किसी की निगाहें खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहती हैं। एशिया कप में भारतीय अंडर-19 टीम की ओर से खेलते हुए मैनपुरी के लाल मनल चौहान ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी कर जिले का गौरव बढ़ाया है। मनल ने तीन छक्के और तीन चौकों की मदद से 47 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। मनल की इस उपलब्धि पर बुधवार सुबह कस्बा घिरोर में धर्मेंद्र भदौरिया के आवास पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। बैंड-बाजों के साथ पहुंचे लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर मनल का अभिनंदन किया। इस दौरान काफी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। मनल के स्वागत को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर धर्मेंद्र भदोरिया, मुकेशकांत अग्रवाल, आशीष चौहान, आशीष भदौरिया, मोहन भदौरिया , पंकज मिश्रा, अर्जुन भदौरिया, यश चौहान, विकास यादव, गौरव चौहान, अर्चित भदौरिया , राजू वर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। अंडर-14 और अंडर-16 से अंडर-19 टीम तक का सफर मनल चौहान की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, लगन और परिवार का सहयोग है। मनल के पिता सुदीप चौहान मैनपुरी के नगला जुला गांव के प्रधान हैं, जबकि मां प्रीति चौहान गृहिणी हैं। पिता बताते हैं कि मनल को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। बेटे की रुचि को देखते हुए उन्होंने उसका दाखिला क्रिकेट एकेडमी में कराया। मनल ने पढ़ाई के साथ क्रिकेट में भी लगातार मेहनत जारी रखी। अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाने के बाद अब अंडर-19 भारतीय टीम तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन कर रहा है। पिता के मुताबिक, मनल ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका में भी क्रिकेट खेल चुका है और वहां मेडल जीतकर परिवार का गौरव बढ़ाया है। अब पाकिस्तान के खिलाफ 47 रनों की पारी ने उसकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है। मां से किया था जीतकर लौटने का वादा मनल की मां प्रीति चौहान बेटे की सफलता का श्रेय ठाकुर बांके बिहारी जी की कृपा को देती हैं। उन्होंने बताया कि बेटा खेलने के लिए घर से निकला था तो जीतकर लौटने का वादा करके गया था। मैच के दौरान वह बेटे की पूरी बल्लेबाजी नहीं देख पाईं। मां होने के नाते मन में चिंता बनी रही, लेकिन भारतीय टीम की जीत की खबर मिलते ही परिवार में खुशी छा गई। उनकी इच्छा है कि बेटा आगे चलकर भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाए और देश के लिए विश्व कप जीते। पूनम यादव के बाद मनल ने बढ़ाया जिले का गौरव मैनपुरी की धरती ने क्रिकेट जगत को पहले भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी पूनम यादव भी ब्लॉक घिरोर क्षेत्र के महुआहार गांव की निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से जिले को देशभर में पहचान दिलाई है। अब मनल चौहान ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन पारी खेलकर जिले की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। मनल की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अब परिवार और जिले के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि मनल आने वाले समय में भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश का नाम रोशन करेगा।