लखीमपुर खीरी में रविवार को शहर के गुरु नानक डिग्री कॉलेज में भारतीय योग संस्थान की ओर से शंख प्रक्षालन एवं शुद्धि क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। सुबह छह से नौ बजे तक चले कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने क्रियाओं की विधि समझाने के साथ ही खानपान और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान अधिवक्ता रमेश कुमार वर्मा ने कहा कि जिस तरह वाहनों की समय-समय पर सर्विसिंग कराई जाती है, जिससे उनकी कार्यक्षमता बनी रहे, उसी तरह शरीर की देखभाल के लिए भी शुद्धि क्रियाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि शंख प्रक्षालन क्रिया में नमक मिला गुनगुना पानी पीने के बाद पांच आसनों का अभ्यास कराया जाता है। इस प्रक्रिया में मल त्याग के माध्यम से आंतों की सफाई की जाती है। उन्होंने बताया कि यह क्रिया विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में और अनुकूल मौसम में ही की जानी चाहिए। संस्थान की ओर से इसे साल में दो बार कराने की बात भी कही गई। संस्थान के केंद्रीय कार्यकारी सदस्य एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नरेश चंद्र वर्मा ने बताया कि शंख प्रक्षालन से पहले और बाद में खानपान का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। इसके एक दिन पहले शाम को भोजन नहीं किया जाता, जबकि क्रिया के बाद तीन दिन तक सुपाच्य एवं परहेजी भोजन करने की सलाह दी जाती है। इससे पाचन तंत्र पर अनावश्यक दबाव से बचने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक शिवराम वर्मा ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों को योग की शुद्धि क्रियाओं के महत्व, उनकी प्रक्रिया और सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।