फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखीमपुर खीरी: चारा लेने जा रहे युवक के सामने अचानक आया तेंदुआ, भागकर बचाई जान, इलाके में दहशत

Fri, 11 Sep 2026 08:14 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज क्षेत्र के मल्लबेहड़ गांव में शुक्रवार सुबह खेत के पास तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। चारा लेने खेत की ओर जा रहे युवक के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। युवक पीछे हटकर सुरक्षित गांव पहुंचा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण अब अकेले खेतों की ओर जाने से भी कतरा रहे हैं।

मल्लबेहड़ निवासी अमित शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे खेत की ओर चारा लेने जा रहा था। वह भगौती प्रसाद के खेत के पास सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर अचानक सामने मौजूद तेंदुए पर पड़ी। तेंदुए को देखते ही अमित घबरा गया और बिना देर किए पीछे हटकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। गांव पहुंचकर उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तेंदुआ दोबारा दिखाई नहीं दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और आसपास के इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से खतरा बना हुआ है। खेती-किसानी और चारा लेने के लिए खेतों में जाने वाले लोगों में विशेष चिंता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द कार्रवाई और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग ने भेजी टीम
तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग सक्रिय हो गया। धौरहरा वन रेंज के रेंजर अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मल्लबेहड़ में तेंदुआ होने की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजकर क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों और मौजूदगी के संकेतों की तलाश कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रेस होने के बाद पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अकेले खेतों में न जाने की सलाह
क्षेत्रीय वनाधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अकेले खेतों की ओर जाने और झाड़ियों व सुनसान स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने, घेरने या पकड़ने का प्रयास न करने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें