फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: लंदन से आए 120 साइकिलिस्टों का कारवां पहुंचा पटियाली, सेल्फी लेने को उमड़ी भीड़

कासगंज के गंजडुंडवारा रोड स्थित जीलानी फार्म हाउस पर सोमवार को उस समय कौतूहल का माहौल बन गया, जब लंदन से आए 120 विदेशी साइकिलिस्टों का दल लंच के लिए रुका। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों को साइकिल चलाते देख उन्हें निहारने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दल में 18 साल के युवा-युवतियों से लेकर 95 वर्ष तक के बुजुर्ग महिला-पुरुष शामिल थे। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी फिटनेस और साइकिल चलाने का अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। सभी पर्यटकों ने एक जैसी हरे रंग की जर्सी और हेलमेट पहन रखे थे। नगर में पहली बार इतने बड़े विदेशी साइकिलिस्ट दल को देखकर लोगों में उनके साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की होड़ लग गई। काफी देर तक गंजडुंडवारा रोड पर लोगों की भीड़ जुटी रही। इस साइकिल यात्रा का आयोजन प्रसिद्ध संस्था 'वेलकम ट्रैवल्स साइक्लिंग, डिस्कवरी एंड वॉकिंग हॉलीडे' की ओर से किया जा रहा है। दल का नेतृत्व कर रहे लंदन निवासी मिस्टर रोब ने बताया कि संस्था हर साल नवंबर में वर्ल्ड टूर आयोजित करती है। पिछले साल यात्रा राजस्थान तक हुई थी। इस बार 14 नवंबर से शुरू हुई यात्रा फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए नेपाल में समाप्त होगी। अगले साल की यात्रा नेपाल से ही आगे शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य मनोरंजन के साथ विभिन्न देशों की संस्कृति को करीब से जानना और नई चीजें सीखना है। यात्रियों की सुविधा के लिए दल के साथ साइकिलों की मरम्मत के लिए मैकेनिक, जूते ठीक करने के लिए मोची, स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एंबुलेंस और खाद्य सामग्री व पेय पदार्थों से भरी वैन भी चल रही है। जीलानी फार्म हाउस के संचालक हसीन मियां बरकाती और साइम अली ने बताया कि विदेशी पर्यटकों के ठहराव की सूचना कुछ दिन पहले ही मिल गई थी। इसके चलते सुबह से ही फार्म हाउस में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें