कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंधना पुलिस चौकी के ठीक सामने जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे खड़े वाहनों में बुधवार भोर पहर अचानक भीषण आग लग गई। विभिन्न कानूनी मामलों में जब्त कर लाए गए इन वाहनों में आग लगने से करीब आधा दर्जन गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आए वाहनों के टायर फटने से हुए तेज धमाकों से जीटी रोड हाईवे पर गुजर रहे राहगीरों और दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रथम दृष्टया किसी शरारती तत्व द्वारा इस हरकत को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है, और बिठूर पुलिस आग लगने के असली कारणों की जांच में जुटी है।