कानपुर में वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व अमर पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन पर रचित पुस्तक 'स्याही से शहादत' का भव्य विमोचन किया गया। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी एवं अन्य सहयोगियों के योगदान से तैयार इस पुस्तक में विद्यार्थी जी की शहादत के बाद शहर के दिग्गजों के बयानों को भी दर्ज किया गया है। विमोचन समारोह में वीएसएसडी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. आनंद शुक्ला ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी के साथ हसरत मोहानी के साहित्य को पढ़ना भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने पत्रकारिता में गिरती विश्वसनीयता पर चिंता जताते हुए फैज की प्रसिद्ध नज्म 'बोल कि लब आजाद हैं तेरे' सुनाई, जिस पर हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।