कानपुर नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त के बीच तनातनी खुलकर सामने आ गई है। बेनाझावर स्थित बृजेंद्र स्वरूप पार्क के 'मंगल भवन' की समिति भंग करने के नगर आयुक्त के फैसले को महापौर ने पूरी तरह गलत करार दिया। शहर की जर्जर सड़कों और जलभराव को लेकर बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महापौर ने कहा कि समिति को भंग करने का निर्णय कार्यकारिणी व सदन की मंजूरी के बिना लिया गया है, जिसकी शिकायत शासन से की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों के फील्ड में न उतरने पर भड़ास निकालते हुए शहर की बदहाली का ठीकरा प्रशासनिक अधिकारियों पर फोड़ा।