कानपुर बार एसोसिएशन और लायर्स एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने तीसरे बुधवार को भी न्यायिक कार्य से पूर्णतया दूरी बनाते हुए सामूहिक अवकाश रखा। प्रांतीय सम्मेलन में तय रणनीति के तहत वकीलों ने कानपुर कचहरी परिसर में शताब्दी गेट से लेकर रजिस्ट्री ऑफिस और लायर्स एसोसिएशन तक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते अदालतों में सन्नाटा पसरा रहा और दूर-दराज से आए वादकारियों को अगली तारीख लेकर बैरंग लौटना पड़ा। बार पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मांगें न पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।