घाटमपुर कस्बे के गांधीनगर मोहल्ले में पत्नी से विवाद के बाद तालाब में कूदे अधेड़ का शव 38 घंटे की खोजबीन के बाद मिल सका। तालाब में खर पतवार व दलदल होने से उसको खोजने में इतना समय लगा। शव बाहर निकाले जाने के बाद परिजन बेहाल हो उठे। मालूम हो कि सत्यनारायण (55) शनिवार की देर रात पत्नी घसीटी देवी से किसी बात को लेकर विवाद होने पर वह घर के सामने स्थित तालाब में कूद गया था। इस दौरान परिजनों ने शोर मचाया तो पड़ोसी अनिल और दिनेश ने उन्हें तालाब से बाहर निकाला। इसके कुछ देर बाद वह तालाब में दोबारा कूद गया था। परिजनों का शोर सुनकर जब तक पड़ोसी पहुंचे तब तक वह तालाब के दलदल में डूब चुके थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड के साथ खोजबीन करती रही। रविवार को नगर पालिका कर्मचारी पूरे दिन तालाब में अधेड़ की खोजबीन करते रहे। तालाब अधिक खर पतवार व दलदल होने के चलते तलाश में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सोमवार को एक बार फिर से तलाश शुरू की गई। तब कहीं जाकर दोपहर में अधेड़ का डूबा हुआ शव मिला। जैसे ही शव बाहर निकाला गया तो परिजन बेहाल हो उठे। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।