पूरा लंदन ठुमकदा..., मैं नाचूं आज छम-छम... और लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल... जैसे गानों की धुन पर मोतीझील लॉन में शहरवासी बृहस्पतिवार देर रात तक थिरकते रहे। मौका था अमर उजाला और नॉर्थ वेस्ट कानपुर दुर्गा पूजा समिति आर्यनगर की ओर से आयोजित डांडिया नाइट्स का। रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत के बीच हर कोई नवरात्र के उत्सव में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नॉर्थ वेस्ट सोसायटी दुर्गा पूजा की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में उड़ी-उड़ी जाए, उड़ी-उड़ी जाए, दिल की पतंग देखो..., दिल की बाजी है शहनाई..., गुलाबी साड़ी..., ढोल बजा ढोलिया..., राधे-राधे... और आ दिखा दूं तुझे मेरा वाला डांस... जैसे गानों पर खूब तालियां और सीटियां बजीं। कार्यक्रम का संचालन कर रहीं एंकर रिया नैनानी और प्रतीक त्रिवेदी ने लोगों का मनोरंजन किया। दिल्ली से आईं डीजे वाणी ने अपनी धुनों पर सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। बाजो रे ढोल... और रंगीला तारा... जैसे गानों पर देर रात तक लोग झूमते रहे। डीजे की बीट्स पर लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर और हाथ लहराकर उत्साह जताया।