गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के नवीन गंगा पुल पर मंगलवार की रात तेज रफ्तार से जा रही कार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। कार सवार तीन युवकों ने कूद कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की गाड़ी पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें 10 से 15 फीट ऊंचाई तक दिखाई दी। इस दौरान दोनों छोर का यातायात करीब दो घंटे तक रोका गया। मोहल्ला शक्ति नगर निवासी सौरभ गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त कानपुर बर्रा निवासी हर्ष और दीप श्रीवास्तव को अपनी कार से कानपुर मालरोड तक छोड़ने मंगलवार देर रात करीब एक बजे जा रहे थे। नवीन गंगा पुल के बीच मार्ग में पहुंचते ही कार में अचानक आग लग गई। आग देख किसी तरह से कार रोककर वह कूदे और अपनी जान बचाई। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर बालू घाट चौकी प्रभारी अरूण त्रिपाठी पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ वह कैंट थाना क्षेत्र कानपुर लगता है। इसके बावजूद गंगाघाट पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई। कार सवार सभी लोग सुरक्षित है। अगले दिन बुधवार सुबह क्रेन की मदद से जली कार को हटाया गया।